Follow Us

  • Home
  • /
  • राजनीती
  • /
  • शक्ति परीक्षण का इंतजार, सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट पर।

शक्ति परीक्षण का इंतजार, सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट पर।

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के सियासी संग्राम के बीच अब सबकी नजरें 48 घंटे पहले बनी देवेंद्र फड़नवीस-अजीत पवार सरकार की 'शक्ति" परीक्षा पर टिकी हैं। रविवार को छुट्टी के दिन सुप्रीम कोर्ट ने विशेष सुनवाई कर केंद्र सरकार को आदेश दिया कि वह सोमवार सुबह 10.30 बजे तक राज्यपाल द्वारा राज्य से राष्ट्रपति शासन हटाने की सिफारिश के पत्र और भाजपा को सरकार बनाने के न्योते के पत्र की प्रतियां पेश करे। इसके बाद आदेश जारी किया जाएगा। बहरहाल भाजपा व अजीत पवार ने दावा किया है कि चिंता की बात नहीं है, सरकार पांच साल चलेगी। उधर, राकांपा, कांग्रेस व शिवसेना ने भी फिर दावा किया है कि उनके विधायक एकजुट हैं। शिवसेना नेता संजय राउत ने तो 165 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। वहीं राकांपा ने अजीत के जगह विधायक दल का नया नेता चुन लिया है। इस साल तीसरी बार छुट्टी के दिन बैठा कोर्ट सुप्रीम कोर्ट ने इस साल तीसरी बार विशेष रूप से बैठ कर महाराष्ट्र के सियासी संकट पर सुनवाई की। जस्टिस एनवी रमना, जस्टिस अशोक भूषण व जस्टिस संजय खन्ना की पीठ ने केंद्र व महाराष्ट्र सरकार तथा याचिकाकर्ता शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस, मुख्यमंत्री फड़नवीस व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को नोटिस जारी किया। इससे पहले 20 अप्रैल को तत्कालीन सीजेआई गोगोई के खिलाफ एक पूर्व कर्मचारी के खिलाफ यौन प्रताड़ना मामले में और इसी माह 9 नवंबर को अयोध्या मामले में फैसला सुनाया था। नहीं दिया रिकॉर्ड पेश करने के लिए दो दिन का वक्त केंद्र सरकार की ओर से मौजूद सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि वह सोमवार सुबह 10.30 बजे तक महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के पत्रों की प्रतियां पेश करें। मेहता ने रिकॉर्ड पेश करने के लिए दो दिन का वक्त मांगा, लेकिन शीर्ष कोर्ट ने इससे इनकार कर दिया। किसने-किसकी पैरवी की -तुषार मेहता : केंद्र और महाराष्ट्र सरकार -मुकुल रोहतगी : दो भाजपा विधायक -कपिल सिब्बल : याची शिवसेना -अभिषेक मनु सिंघवी : राकांपा व कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट में यूं हुई जिरह मेहता - शिवसेना-कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को सरकार बनाने का मूलभूत अधिकार नहीं है। याचिका को खारिज किया जाए। राज्यपाल को न्योता देने व सिफारिश का विवेकाधिकार है। रोहतगी - कोई दल मूलभूत अधिकारों के हनन को लेकर संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत याचिका सुप्रीम कोर्ट में सीधे दाखिल नहीं कर सकता। राज्यपाल व राष्ट्रपति को अनुच्छेद 361 के तहत बहुमत का दावा करने वाले किसी व्यक्ति को सीएम या पीएम नियुक्त करने का अधिकार है। उनके आदेशों की न्यायिक समीक्षा नहीं की जा सकती। सिब्बल - राज्यपाल का न्योता पक्षपातपूर्ण है। वह सीधे केंद्र के इशारे पर काम कर रहे हैं। बगैर कैबिनेट के फैसले के राष्ट्रपति शासन हटाया गया। चुनाव पूर्व गठबंधन टूट गया है। यदि फड़नवीस के पास बहुमत है तो उन्हें आज ही साबित करने का निर्देश दें, अन्यथा हमारे पास महाराष्ट्र में सरकार बनाने का बहुमत है। सिंघवी - कोर्ट सदन में पूर्ण शक्ति परीक्षण या भाजपा को रविवार-सोमवार तक बहुमत साबित करने का आदेश दे। राजनैतिक घटनाक्रम राज्यपाल को दी अजीत को नेता पद से हटाने की सूचना राकांपा विधायक जयंत पाटिल ने रविवार सुबह 11.42 बजे राजभवन जाकर राज्यपाल के नाम पत्र सौंपा। इसमें बताया गया है कि अजीत पवार को राकांपा विधायक दल के नेता पद से हटा दिया गया है। ज्ञात हो कि पाटिल को राकांपा विधायक दल के सारे अधिकार सौंप दिए गए हैं, हालांकि उन्हें औपचारिक रूप से नया नेता चुना नहीं गया है। राकांपा के तीन 'गायब" विधायकों से संपर्क रविवार सुबह तक पार्टी के पांच विधायक 'गायब बताए जा रहे थे। लेकिन राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने दावा किया कि इनमें से तीन- दौलत दरोडा, अनिल पाटिल व बाबासाहब पाटिल ने पार्टी से संपर्क कर पार्टी में ही होने का दावा किया है। भाजपा सांसद काकड़े की शरद पवार से मुलाकात भारी उठापटक के बीच भाजपा सांसद संजय काकड़े व अजीत पवार के करीबी राकांपा नेताओं- जयंत पाटिल, छगन भुजबल व बबन शिंदे ने राकांपा प्रमुख शरद पवार से रविवार सुबह उनके घर पर मुलाकात की। 15 मिनट की मुलाकात के बाद काकड़े ने कहा कि वह 'निजी कार्य के सिलसिले में पवार से मिले थे। विधायक फिर पहुंचे होटल व रिजॉर्ट में इस बीच, खरीद-फरोख्त की आशंका से शिवसेना, कांग्रेस व राकांपा ने अपने-अपने विधायकों को मुंबई के ही होटलों व रिसॉर्ट में भेज दिया है। कांग्रेस ने अपने विधायकों को जेडब्ल्यू मैरियट होटल जुहू, राकांपा ने दिनभर तो पवई की रेनेसां होटल-रिसॉर्ट में रखा व रात में होटल हयात में शिफ्ट किया। शिवसेना ने अपने विधायकों को इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक ललित होटल में रखा है। हालांकि तीनों दलों के कितने-कितने विधायक इन जगहों पर हैं, इसकी प्रामाणिक जानकारी नहीं दी गई है। पवार से मिले ठाकरे रविवार दोपहर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रेनेसां होटल जाकर राकांपा प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। ठाकरे की राकांपा विधायकों से भी मुलाकात करने की सूचना है। ज्ञात हो कि शनिवार तड़के महाराष्ट्र में आनन-फानन में राष्ट्रपति शासन हटाने के बाद सुबह करीब 8 बजे फड़नवीस को मुख्यमंत्री व शरद पवार के भतीजे अजीत पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। जबकि शनिवार को ही शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस की गठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश करने के आसार थे। अचानक बदले हालात से पूरे देश की सियासत में खलबली मच गई। हालांकि इसका पटाक्षेप विधानसभा में शक्ति परीक्षण के बाद ही होगा। चिंता की कोई जरूरत नहीं सब कुछ ठीक-ठाक है। चिंता की कोई जरूरत नहीं। अभी धैर्य रखने की जरूरत। मैं राकांपा में हूं और हमेशा रहूंगा। शरद पवार साहेब ही हमारे नेता हैं। भाजपा-राकांपा गठबंधन राज्य में स्थाई सरकार देगा। -अजीत पवार, उपमुख्यमंत्री, महाराष्ट्र भाजपा से तालमेल नहीं भाजपा से तालमेल का कोई सवाल ही नहीं है। राकांपा ने सर्वसम्मति से शिवसेना व कांग्रेस के साथ सरकार बनाने का फैसला किया है। अजीत पवार का बयान भ्रामक है। -शरद पवार, राकांपा प्रमुख सारे विधायक संपर्क में देवेंद्र फड़नवीस को सीएम पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। राकांपा के सारे विधायक हमारे संपर्क में हैं। -नवाब मलिक, राकांपा प्रवक्ता शक्ति परीक्षण से भाग रही भाजपा भाजपा के पास बहुमत नहीं है। इसलिए वह विधानसभा में शक्ति परीक्षण से भाग रही है। सुप्रीम कोर्ट को तत्काल शक्ति परीक्षण का आदेश देने का आग्रह किया है। -पृथ्वीराज चव्हाण, कांग्रेस नेता व पूर्व सीएम 10 मिनट में दिखाएंगे बहुमत शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस 10 मिनट में बहुमत साबित कर देंगे। राज्यपाल ने भाजपा को 30 नवंबर तक का वक्त क्यों दिया? -संजय राउत, शिवसेना नेता

मालवांचल

[ View All ]

डोडाचूरा तस्कर को 12 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 02 लाख रूपये अर्थदण्ड।

नीमच केंट को मिली सफलता , बंगला नम्बर 48 में स्थित दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी किया मश्रुका व चोरी हेतु उपयोगी उपकरण जप्त।

नीमच के जवाद में चिन्हित जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरण के अंतर्गत 06 वर्ष के बालक का अपहरण करने वाले आरोपी को 05 वर्ष का सश्रम कारावास।

मारपीट कर नाक तोड़ने वाले ठेकेदार को 06 माह का सश्रम कारावास।

महिला एवं बाल विकास तथा नीमच की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया को भेट की आई.ई.सी.कीट भेट

जिला प्रशासन द्वारा शासकीय जमीनों के संरक्षण की नीमच में बड़ी कार्यवाही , लगभग 38 करोड़ के बाजार मूल्‍य की 4.9 हेक्‍टेयर जमीन को करवाया अतिक्रमण मुक्‍त !

कलेक्‍टर श्री चंद्रा की अध्‍यक्षता में जिला रोगी कल्‍याण समिति की बैठक सम्‍पन्‍न

आर्टिफिशियल इन्‍टलीजेंस (ए.आई.) की मदद से छात्र हो रहे है आत्‍मनिर्भर - श्री सखलेचा

विडियो

[ View All ]