मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों ने पढ़ाया पाठ, सही जवाब पर बांटी मिठाई
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को PM श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल कुआं का नजारा ही बदल गया। जिले के कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा अचानक शिक्षक बनकर कक्षा में पहुंचे। अधिकारियों को शिक्षक की भूमिका में देखकर विद्यार्थियों के चेहरे उत्साह से खिल उठे।
*कलेक्टर ने पढ़ाई ‘हार की जीत’*
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कक्षा 9वीं और 10वीं के बच्चों को हिंदी और अंग्रेजी पढ़ाई। 9वीं की कक्षा में उन्होंने हिंदी की कहानी ‘हार की जीत’ को संवादात्मक अंदाज में समझाया। बीच-बीच में पात्रों और संदेश पर सवाल पूछे। जिन बच्चों ने सही जवाब दिए उन्हें मिठाई देकर प्रोत्साहित किया गया। केला और बिस्किट भी वितरित किए गए।
कलेक्टर ने कहा कि "पढ़ाई सिर्फ अंक लाने के लिए नहीं, बल्कि जीवन को समझने और सही निर्णय लेने के लिए है।"
*एसपी ने आसान बनाई अंग्रेजी*
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने कक्षा 10वीं में अंग्रेजी का अध्याय-3 ‘Two Stories About Flying’ पढ़ाया। उन्होंने पाठ को सरल भाषा में समझाया और सवाल-जवाब के जरिए बच्चों की समझ परखी। एसपी को शिक्षक के रूप में देखकर छात्रों में खासा उत्साह अधिकारियों की मौजूदगी से बढ़ा हौसला
इस मौके पर वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और एसडीएम विवेक गुप्ता भी उपस्थित रहे।
पढ़ाई के दौरान कक्षा में आत्मीयता और अपनापन का माहौल रहा। बच्चों का कहना था कि जब इस तरह संवाद और प्रोत्साहन के साथ पढ़ाई होती है तो सीखना और भी आनंददायक हो जाता है।
-





