डॉक्टर नहीं, सड़क नहीं, बिजली नहीं तो कैसा विकास।
ढीमरखेड़ा ब्लॉक में लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर आखिरकार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का सब्र टूट गया। क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, जर्जर सड़कों, अघोषित बिजली कटौती और खाद-बीज की किल्लत को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल मध्यप्रदेश शासन और अनुविभागीय अधिकारी (SDM) ढीमरखेड़ा के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 15 दिन के भीतर सभी समस्याओं के निराकरण की मांग की गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय-सीमा में समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर उग्र जनआंदोलन करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
*स्वास्थ्य व्यवस्था भगवान भरोसे*
कांग्रेस का आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ढीमरखेड़ा में 24 घंटे डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं। पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ और दवाइयों के अभाव में ग्रामीणों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा। गंभीर मरीजों को मजबूरी में कटनी या जबलपुर रेफर करना पड़ता है, जिससे गरीबों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस ने सीएचसी में स्थायी डॉक्टर, महिला चिकित्सक और पर्याप्त स्टाफ की मांग की।
*सड़कों की हालत दयनीय, हादसों को न्योता*
स्लीमनाबाद से ढीमरखेड़ा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इसी तरह पुलिस थाना ढीमरखेड़ा के सामने की सड़क भी कई वर्षों से जर्जर है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर वर्षों से कोई मरम्मत कार्य नहीं हुआ, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और स्कूली बच्चों, किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
*बिजली की अघोषित कटौती से त्रस्त जनता*
ग्रामीण क्षेत्रों में कम वोल्टेज और दिन में कई-कई घंटे की अघोषित कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं, वहीं छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। कांग्रेस ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
*महंगाई और किसानों की समस्या*
शक्कर, पेट्रोल-डीजल, खाद्य तेल की बेतहाशा बढ़ती महंगाई का भी जिक्र किया गया। साथ ही किसानों को समय पर यूरिया, डीएपी और बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई ताकि रबी सीजन में किसानों को परेशानी न हो।
*प्रशासन केवल कागजों में दिखा रहा विकास - आनंद मिश्रा*
ब्लॉक अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन ढीमरखेड़ा में जमीनी हकीकत कुछ और ही है। प्रशासन केवल कागजों में विकास दिखा रहा है, जबकि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। जनता में भारी आक्रोश है।
रविन्द्र वाजपेई, स्वतंत्र चौरसिया, रवि अवस्थी, प्रकाश पटेल, शैलेंद्र पौराणिक, नीरज राय, भूरा पटेल, कमलेश रजक, रामखिलावन मिश्रा, अमित गर्ग रवेंद्र परते, राममित्र शर्मा, सीताराम मिश्रा, प्रमोद पटेल, सुनील पटेल, विराट पांडे, मंजू सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





