- Home
- /
- मालवांचल
- /
- पुलिस ने पकड़े 165 वारंटी सट्टा खिलाने वाले 10 लोगों पर केस ओर 65 होटल-लॉज की ली तलाशी
पुलिस ने मंगलवार रात पूरे नीमच जिले में 'कॉम्बिंग गश्त' (पकड़-धकड़) का अभियान चलाया। पुलिस ने एक ही रात में 165 वारंटियों को पकड़ा। इनमें से 66 ऐसे 'स्थायी वारंटी' हैं जो बहुत समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे।
पकड़े गए आरोपियों में नशा तस्करी, मारपीट और चोरी के मामलों के अपराधी शामिल हैं, जिन्हें सीधे जेल भेज दिया गया है। सिर्फ वारंटी ही नहीं, पुलिस ने अवैध धंधा करने वालों को भी नहीं बख्शा। 18 केस दर्ज कर 83 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। सट्टा खिलाने वाले 10 लोगों पर मामला दर्ज किया गया। जिले के 65 होटलों, लॉजों और ढाबों की बारीकी से तलाशी ली गई।
सुरक्षा पुख्ता करने के लिए पुलिस ने 115 पुराने बदमाशों के घर जाकर उनकी हाजिरी ली। शहर और गांव के 12 मुख्य चौराहों पर नाकेबंदी की गई, जहां 100 से ज्यादा गाड़ियों को चेक किया गया। एसपी अंकित जायसवाल ने कहा कि जिले में शांति बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।