कलेक्टर आशीष तिवारी ने चिलचिलाती धूप में 3 किलोमीटर उबड़-खाबड़ रास्ते में चलकर किया अमृत सरोवर का निरीक्षण
कटनी - कलेक्टर आशीष तिवारी ने बुधवार को ढीमरखेड़ा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों क्रमश: भनपुरा, हरदी, उमरियापान, टोपी, महनेर और दियागढ़ में औचक रूप से पहुंचकर मैदानी स्तर पर शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने भनपुराकला, बनिया नाला में करीब 24 लाख रूपये की लागत से निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण करने चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी के बीच करीब 3 किलोमीटर लंबे उबड़-खाबड़ पहाड़ी के पथरीले रास्तों में पैदल चलकर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्ता पूर्ण अमृत सरोवर का निर्माण कार्य पूर्ण कराने की हिदायत दिया।
इस दौरान एसडीएम ढीमरखेड़ा निधि सिंह गोहल, पर्यावरणविद एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह, तहसीलदार नितिन पटेल, जनपद पंचायत के सीईओ यजुवेन्द्र कोरी, पीएचई के कार्यपालन यंत्री पवनसुत गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं मैदानी कर्मचारी मौजूद रहे।
पंचायत को नलजल योजना हस्तांतरित*
भ्रमण के दौरान कलेक्टर तिवारी ने ग्राम पंचायत घुघरा के ग्राम टोपी में नलजल योजना का अपने समक्ष ग्राम पंचायत सचिव रामदयाल पटेल और स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत को हस्तांतरित कराया। इसके पहले कलेक्टर ने ग्राम हरदी में पहुंचकर नलजल योजना का गांवों में भ्रमण कर जायजा लिया और यहां के सरपंच जयकरण कोल सहित ग्रामीणों से घरों में पानी पहुंचने की पूछताछ की जिस पर लोगों ने बताया कि पानी पर्याप्त आता है। इस पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग को निर्देशित किया कि नलजल योजना को शीघ्र हस्तांतरित करने की कार्यवाही करें। उन्होंने पंचायत के सरंपच और सचिव को कहा कि वे लोगों से जल कर की वसूली करें ताकि समय पर बिजली का बिल जमा हो सके और बिजली का कनेक्शन न कटे ताकि सुगम रूप से गांव में पानी की आपूर्ति होती रहे।
कलेक्टर यहां के गांवों की गलियों में 1.5 किलोमीटर घूमकर घर-घर पहुंचे। कलेक्टर ने ग्रामीणों से पूछा कि नलों में पानी आ रहा है कि नहीं। इस पर सभी ने बताया कि यहां किये गये सभी 98 घरों के नल कनेक्शन में प्रतिदिन पानी आ रहा है। इसके बाद कलेक्टर ने यहां गांव में स्थित आंगनबाड़ी के नियमित खुलने की जानकारी गांववालों से ली और जनगणना के लिये मकान के नंबरिंग कार्य के संबंध में भी पूछताछ की। यहां कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर आयुष्मान कार्ड बने होने और फार्मर आईडी बनवाने की समझाईश लोगों को दी। अपनी मौजूदगी में उन्होंने पटवारी सुशीला कुलस्ते से ग्रामीण वृंदावन व विपिन पटेल की फार्मर आईडी बनी है का औचक अवलोकन किया। जिस पर फार्मर आईडी बनी होना पाया गया।
उमरियापान स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण*
कलेक्टर तिवारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उमरियापान के निरीक्षण में व्यवस्थायें संतोषजनक मिली। कलेक्टर ने यहां मौजूद रहे डॉक्टर राजेश सोनी को कैंप लगाकर सर्वाइकल कैंसर के एचपीव्ही टीकाकरण का सौ फीसदी लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पूरे अस्पताल का भ्रमण कर प्रसूति वार्ड, ओपीडी, नेत्र विभाग, एक्सरे कक्ष, जनरल वार्ड, ड्रेसिंग रूम, आईपीडी आदि कक्षों का भ्रमण कर जायजा लिया और ईलाज के लिये पहुंचे मरीजों के परिजनों से उपचार मिलने के संबंध में पूछताछ की। जिस पर बताया गया कि यहां डॉक्टर हरदम उपलब्ध रहते हैं। यहां पोषण पुनर्वास केन्द्र में 7 बच्चे भर्ती मिले। कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड बनाने की गति को तेज करने के निर्देश मौके पर मौजूद डॉक्टर एलिशा पटेल को दिया। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत महनेर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर एएनएम शशिकला और यहां की प्रभारी अनामिक मेहरा से आयुष्मान कार्ड, गर्भवती महिलाओं और हाई रिस्क महिलाओं के संबंध में जानकारी लेते हुये नियमित तौर पर एएनसी जांच के निर्देश दिेये। कलेक्टर ने स्वयं पोर्टल में दर्ज गर्भवती महिलाओं का डाटा देखा।
उमरिया पान तहसील का निरीक्षण*
कलेक्टर ने उमरिया पान तहसील कार्यालय और लोक सेवा उपकेन्द्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व मामलों के निराकरण विशेषकर सीमांकन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश नायब तहसीलदार को दिये। तहसील के विभिन्न कक्षों में भ्रमण किया और तहसील भवन के मरम्मत का प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपलोक सेवा केन्द्र में पहुंचकर आवेदनों की भी जानकारी लिया। इसके पूर्व तहसील भवन जाते समय रास्ते में बेतरतीब पड़ा कचरा देखकर कलेक्टर ने उमरियापान के सरपंच और जनपद सीईओ को कचरा हटाने और इसके डंपिंग के लिये आबादी से बाहर स्थल चयन कर व्यवस्थित कचरा निपटान के निर्देश दिये।
*स्लीमनाबाद तहसील कार्यालय का निरीक्षण*
कलेक्टर तिवारी ने स्लीमनाबाद तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया और राजस्व प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिये। इस मौके पर एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया और तहसीलदार आकाशदीप नामदेव मौजूद रहे।
दियागढ़ में अश्वगंधा और चिया की खेती का निरीक्षण*
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ग्राम पंचायत दियागढ़ में दुर्गा बाई, जगपति सिंह के खेत में पहुंचे और अश्वगंधा व चिया की खेती का निरीक्षण किया। इसकी खेती को देखकर कलेक्टर काफी प्रसन्न हुए। जगपति सिंह ने खेत में 25 डिसमिल में अश्वगंधा और 25 डिसमिल में चिया लगाया है। किसान का कहना था कि चिया 18 से 20 हजार रूपये प्रति क्विंटल बिकेगा। चिया का उत्पादन 4 से 5 क्विंटल हो सकता है। यदि 5 क्विंटल भी उत्पादन होता है तो 70 से 80 हजार रुपए की आमदनी होगी।





