कटनी अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 74 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे ने बताया कि दिनांक 17 सितंबर 2026 को थाना क्षेत्र में भ्रमण के दौरान परसवारा-खैरहाई रोड पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZD 6354 को रोका गया। मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति ने दो थैलों में अवैध शराब भर रखी थी।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कैलाश वर्मन पिता कमलेश वर्मन उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम कारीतलाई थाना विजयराघवगढ़ बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 74 लीटर देशी मदिरा, जिसकी अनुमानित कीमत 38,400 रुपये है, बरामद की गई। आरोपी के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जिला जेल दाखिल किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सउनि विक्रम सिंह, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक पप्पू प्रजापति एवं प्रधान आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





