ढीमरखेड़ाके प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ग्वाल बाबा धाम में शुक्रवार 19 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। श्री कृष्ण जन्मोत्सव ग्वाल बाबा धाम समिति के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें यदुवंशी समाज सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
*मंगल भवन से ग्वाल बाबा धाम तक गूंजे जयकारे*
शोभायात्रा का शुभारंभ ढीमरखेड़ा स्थित मंगल भवन से हुआ जो जयकारों के साथ ग्वाल बाबा निज धाम के लिए रवाना हुई। पूरे मार्ग में ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते चल रहे थे। जगह-जगह ग्रामीणों ने फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया।
मान्यता है कि कटनी जिले के ढीमरखेड़ा और खमतरा के बीच जंगल क्षेत्र में स्थित ग्वाल बाबा धाम का धार्मिक रूप से विशेष महत्व है। कहा जाता है कि प्राचीन समय से यह ग्वाल-बालों का स्थान रहा है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
*प्रदेश भर से पहुंचे अतिथि, समाज को दिया एकता का संदेश*
इस अवसर पर प्रदेश भर से यदुवंशी समाज के लोग पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, दमोह से अनिल यादव, सागर से राजू यादव, पन्ना से रवि यादव, कटनी जिले से बसंत यादव, जबलपुर से संतोष यादव एवं विजय यादव, उमरिया से राजकुमार यादव, प्यारे लाल यादव सहित बिलहरी से अवधेश यादव मौजूद रहे।
समिति के मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार यादव सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।
*मंच से नशा मुक्ति और शिक्षा का संदेश*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने युवाओं को नशे से दूर रहने, शिक्षा पर ध्यान देने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने का आह्वान किया। वहीं अवधेश यादव ने समाज की एकजुटता और विकास पर जोर दिया।
शोभायात्रा के समापन पर ग्वाल बाबा धाम में पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया गया।





