कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों की जमकर क्लास ली। बैठक में विभागीय योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कई कड़े निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मछुआ समितियों से अपात्र बाहर होंगे
कलेक्टर ने सहायक आयुक्त सहकारिता को निर्देश दिए कि जिले की सभी मछुआ सहकारी समितियों की जांच कर सदस्यों का भौतिक सत्यापन किया जाए। जांच में जो सदस्य अपात्र पाए जाएंगे, उन्हें नियमानुसार समिति से निष्कासित किया जाए।
लापरवाह पटवारी पर गिरी गाज
फौती नामांतरण में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने बरही तहसील के जगुआ हल्का पटवारी पर सख्त रुख अपनाते हुए उसकी एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए हैं।
सीएम हेल्पलाइन पर नाराजगी
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान खनिज विभाग में शिकायतों के निराकरण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने बी ग्रेड वाले विभागों को ए ग्रेड में आने के लिए तेजी से काम करने को कहा। जल संसाधन, सहकारिता, श्रम, स्वास्थ्य और पीडब्ल्यूडी विभागों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य और महिला बाल विकास की भी समीक्षा
कलेक्टर ने अनमोल पोर्टल पर गर्भवती माताओं की जांच, एनीमिया, टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति देखी। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में ढीमरखेड़ा और कटनी शहरी में प्रगति बढ़ाने, लाड़ली लक्ष्मी योजना और पोषण ट्रैकर में सैम-मैम बच्चों की स्थिति की समीक्षा की।
पीएम किसान ई-केवाईसी एक सप्ताह में पूरा करें
राजस्व विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री और पीएम किसान ई-केवाईसी का काम एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए। कम प्रगति वाले तहसीलदारों को स्वयं निगरानी करने को कहा।
इसके साथ ही स्वरोजगार योजनाओं में लक्ष्यपूर्ति शत-प्रतिशत करने के निर्देश भी दिए गए।





