पति-पत्नी समेत 4 सदस्यीय गिरोह पकड़ा, 12 लाख का माल और स्विफ्ट कार बरामद
*कटनी, सतना, दमोह तक फैला था चोरी का जाल, पुलिस ने 19 अगस्त को दबोचा*
*कटनी।* विजयराघवगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 24-25 जुलाई की दरम्यानी रात शारदा माता मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने प्रेमनगर तिलक कालेज निवासी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य सिवनी जेल में बंद है और एक नाबालिग फरार है।
पुलिस के अनुसार अज्ञात चोरों ने शारदा माता मंदिर के 6-7 ताले तोड़कर गर्भगृह से माता शारदा का चांदी का मुकुट-छत्र, सोने का लॉकेट, भगवान नरसिंह का मुकुट और दान पेटी से नगदी चोरी कर ली थी। मंदिर के पुजारी मुकेश त्रिपाठी की शिकायत पर थाना विजयराघवगढ़ में मामला दर्ज कर एसपी *अभिनय विश्वकर्मा* के निर्देश पर निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
*ऐसे पकड़े गए आरोपी*
टीम ने मंदिर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 19 अगस्त की सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्रेमनगर निवासी *राजा उर्फ मोहन साहू 42 वर्ष* और उसकी पत्नी *राजनंदनी साहू 40 वर्ष* को सफेद स्विफ्ट कार के साथ घेराबंदी कर पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने कबूला कि उन्होंने अपने नाबालिग बेटे और साथी *आदि उर्फ आदित्य बर्मन* के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
*इस तरह देते थे वारदात को अंजाम*
आरोपियों ने बताया कि गिरोह में 4 लोग थे। मौके पर 2 लोग ताला तोड़कर मंदिर के अंदर घुसते थे और 2 लोग बाहर रखवाली करते थे। किसी के आने की आहट पर अंदर वालों को तुरंत सूचना दे दी जाती थी। सभी वारदातें रात में की जाती थीं।
*9 वारदातें कबूलीं*
पूछताछ में आरोपियों ने कटनी, सतना और दमोह जिलों के 9 स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया है। इनमें विजयराघवगढ़ का शारदा माता मंदिर, माधवनगर का जैन मंदिर, बरही का रामजानकी मंदिर, कुठला का हनुमान मंदिर, सतना के राधाकृष्ण और सरजा माता मंदिर के साथ एनके के कटनी के सरसवाही और शनि मंदिर के पास की चोरी शामिल है।
*12 लाख का माल बरामद*
पुलिस ने आरोपियों से चोरी का माल और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त की है। बरामद सामान में चांदी के 3 त्रिकोणाकार मुकुट, 2 छत्र, 1 बोरा पायल, कमरबंद, चुड़ी, बिछिया और सोने का लॉकेट शामिल है। कुल बरामदगी की कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरोपी आदि बर्मन वर्तमान में सिवनी जेल में बंद है, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। नाबालिग आरोपी फरार है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ जारी है, जिससे और भी वारदातों के खुलासे होने की संभावना है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उनी रामकुमार झारिया, उनी शैलेंद्र सिंह, महिला आरक्षक नेहा सिंह, आरक्षक पप्पू प्रजापति, प्रधान आरक्षक मंजू कोल।





