अवैध कच्ची शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने जो सख्त अभियान छेड़ा है, उसका असर अब जमीन पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में विजयराघवगढ़ पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांवों में कच्ची शराब के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे ने अपनी टीम के साथ ग्राम बरहटा, गोइन्द्रा और नड़ेरी में एक साथ धावा बोला।
*पारधी-बहेलिया बस्तियों में छिपा रखी थी भट्टियां*
पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बरहटा के पारधी डेरों और गोइन्द्रा, नड़ेरी के बहेलिया बस्तियों में बड़े पैमाने पर महुआ लाहन सड़ाकर कच्ची शराब बनाई जा रही पुलिस ने घेराबंदी कर इन बस्तियों में रेड मारी।
मौके पर जंगल और खेतों के किनारे ड्रमों और बड़े-बड़े बर्तनों में सड़ाया गया करीब *1 लाख रुपये कीमत का महुआ लाहन* मिला। पुलिस ने पूरे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर जमीन पर बहा दिया, जिससे कई लीटर कच्ची शराब बनना थी।
*रोहनिया में 61 साल का बुजुर्ग भट्टी चलाते पकड़ाया*
इसी कार्रवाई के दौरान ग्राम रोहनिया नई बस्ती तिरगड्डा के पास पुलिस ने एक और ठिकाने पर दबिश दी। वहां 61 वर्षीय लक्ष्मण केवट पिता स्व. खिलाड़ी केवट हाथ भट्टी पर कच्ची महुआ शराब बनाते हुए मिला। पुलिस ने उसके कब्जे से 05 लीटर तैयार कच्ची शराब जब्त की है।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 (ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि कच्ची शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के साथ उनि शैलेन्द्र सिंह, सउनि जगदीश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक श्यामदास कोल, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक नीतेश सिंह और प्रधान आरक्षक वाहन चालक मज्जू कोल की सराहनीय भूमिका रही।





