ढीमरखेड़ा कहते हैं हौसले बुलंद हों तो गांव की पगडंडियां भी नेशनल चैंपियनशिप तक ले जाती हैं। ऐसा ही कर दिखाया है सिलौंडी क्षेत्र के ग्राम तिलमन की होनहार बेटी दिशा बागरी ने।
तिलमन निवासी मनोज बागरी की सुपुत्री दिशा बागरी ने *ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप* में शानदार प्रदर्शन करते हुए *गोल्ड मेडल* अपने नाम कर लिया है। दिशा की इस ऐतिहासिक जीत से पूरे ढीमरखेड़ा क्षेत्र में खुशी की लहर है।
*बिना सुविधा के भी चमकी प्रतिभा*
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के कोने-कोने से आए खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। लेकिन तिलमन की इस बेटी ने अपनी फुर्ती, दांव और आत्मविश्वास से सबको पीछे छोड़ दिया।
खास बात यह है कि दिशा ने यह सफलता किसी बड़े शहर की महंगी ट्रेनिंग के दम पर नहीं, बल्कि गांव में रहकर सीमित संसाधनों में कड़ी मेहनत से हासिल की है। उसकी यह जीत ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए एक बड़ा संदेश है।
*परिजनों ने कहा - बचपन से था कराटे का जुनून*
परिजनों ने बताया कि दिशा को बचपन से ही कराटे का शौक था। पढ़ाई के साथ-साथ वह रोजाना अभ्यास करती थी। आज उसकी मेहनत रंग लाई है।
*ग्रामीण बोले - हमारी बिटिया ने सिर गर्व से ऊंचा कर दिया*
गांव के लोगों ने कहा, "दिशा ने पूरे तिलमन, नेगई और सिलौंडी का नाम रोशन कर दिया है। बेटियों को मौका मिले तो वे बेटों से कम नहीं।"
गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जिला प्रशासन इस गोल्डन गर्ल को सम्मानित करे और आगे की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए सहयोग प्रदान करे।





