ढीमरखेड़ा, शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर ढीमरखेड़ा क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां विरासन देवी मंदिर कचनारी पाली (सिलौंडी) में भक्ति का सैलाब उमड़ रहा है। इसी कड़ी में आगामी *18 अक्टूबर, रविवार को विशाल भंडारा और भव्य देवी जागरण* का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर समिति के अनुसार 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से विशाल भंडारा शुरू होगा जो दिनभर चलेगा। श्रद्धालु मां के दर्शन के साथ प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। शाम 7:30 बजे से भव्य देवी जागरण और आकर्षक झांकियों का मंचन होगा। इस जागरण में जबलपुर के प्रसिद्ध भजन गायक *मनीष अग्रवाल और 'अंगना पधारो महारानी' ग्रुप* अपनी संगीतमय प्रस्तुति से मां भगवती का गुणगान करेंगे।
*एसपी ने लिया सुरक्षा का जायजा*
नवरात्रि में बढ़ती भीड़ को देखते हुए गुरुवार को *पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा* ने मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था हो, असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाए और पूरे मेले की *सीसीटीवी से सतत निगरानी* की जाए ताकि आयोजन शांतिपूर्ण हो।
निरीक्षण के बाद एसपी ने सिलौंडी पुलिस चौकी का भी दौरा किया। वहां उन्होंने रिकॉर्ड और कार्यप्रणाली की समीक्षा कर जवानों को निष्ठा और तत्परता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी और सिलौंडी चौकी प्रभारी अनिल पांडेय सहित पुलिस बल मौजूद रहा।





