बरही अग्नि हादसे में 6 लोगों की असामयिक मृत्यु पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह सोमवार को बरही पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर शोकाकुल परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।
*प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख की सहायता*
प्रभारी मंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक से चर्चा कर प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर कहा कि परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई किसी भी प्रकार से संभव नहीं है। इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी।
*30 दिन में जांच पूरी करने के निर्देश*
प्रभारी मंत्री सिंह ने कलेक्टर आशीष तिवारी को घटना की परिस्थितियों, राहत एवं बचाव कार्यों में संभावित लापरवाही के सभी पहलुओं की मजिस्ट्रियल जांच 30 दिन में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
*घायल रितेश अग्रवाल का जाना हाल*
प्रभारी मंत्री सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही पहुंचे और अग्नि हादसे में जीवित बचे उपचाररत 43 वर्षीय रितेश अग्रवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*रातभर चला बचाव कार्य*
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा सुबह से शाम तक घटनास्थल पर मौजूद रहे। बीती रात बरही नगर परिषद सहित कैमोर, विजयराघवगढ़ नगर परिषद और नगर निगम कटनी के दमकल वाहनों और पुलिस के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।
इस दौरान विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, कलेक्टर आशीष तिवारी, एसपी अभिनय विश्वकर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल एवं नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल उपस्थित रहे।





