कटनी। जिले में अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खनिज, वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सुरखी टंकी के पास बने संयुक्त चेक पोस्ट पर बिना नंबर प्लेट और बिना RFID टैग के रेत का परिवहन कर रहे एक डंपर को पकड़कर जब्त किया है।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद वाहन को वैधानिक कार्रवाई के लिए बड़वारा थाने के सुपुर्द किया गया है।
*दस्तावेज दिखाए, पर टैग नहीं मिला*
जांच के दौरान टीम ने बिना नंबर प्लेट वाले डंपर को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की। चालक ने रेत परिवहन से संबंधित दस्तावेज तो प्रस्तुत कर दिए, लेकिन वाहन में अनिवार्य RFID टैग नहीं लगा था। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संयुक्त टीम ने वाहन को जब्त कर पुलिस को सौंप दिया। वाहन के विरुद्ध खनिज एवं परिवहन नियमों के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
*एक सप्ताह से चल रही है सघन जांच*
संयुक्त चेक पोस्ट से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन का विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से यहां वाहनों में खनिज की मात्रा, इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास (ईटीपी) और RFID टैग की जांच की जा रही है। साथ ही प्रस्तुत दस्तावेजों का ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान कर परिवहन की वैधता भी सुनिश्चित की जा रही है।
*मालिकों को चेतावनी, मौके पर ही मिलेगा टैग*
प्रशासन ने वाहन मालिकों और परिवहनकर्ताओं को निर्देशित किया है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित स्थान पर अनिवार्य रूप से RFID टैग लगवाएं। बिना टैग के वाहन संचालित पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चेक पोस्ट की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही यहां RFID टैग जनरेट करने की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इसके तहत टैग विहीन वाहनों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ मौके पर ही RFID टैग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।





