कटनी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन शुरू होने से पहले व्यापारियों और बिचौलियों द्वारा खरीदी गई धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने की आशंका को देखते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के सभी विकासखंडों में क्षेत्र स्तरीय जांच दल गठित किए हैं।
ये दल सरकारी और निजी गोदामों, राइस मिलों तथा व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में भंडारित धान का भौतिक सत्यापन करेंगे। अनधिकृत रूप से भंडारित धान मिलने पर उसे जब्त कर उपार्जन अवधि समाप्त होने तक स्टॉक सीज किया जाएगा।
*तीन विभागों के अधिकारी दल में शामिल*
प्रत्येक दल में राजस्व, खाद्य विभाग और कृषि उपज मंडी के अधिकारियों को शामिल किया गया है। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को जांच दलों का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
*विकासखंडवार जांच दल*
*कटनी* में तहसीलदार अतुलेश कुमार सिंह, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुशील किरार और मंडी उपनिरीक्षक सुधीर कुमार तिवारी जांच करेंगे। *रीठी* में तहसीलदार आकांक्षा चौरसिया, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रियंका सोनी और मंडी उपनिरीक्षक विकास नारायण मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है।
*बड़वारा* में तहसीलदार ऋषि गौतम, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नागेश्वर श्रीवास और मंडी उपनिरीक्षक संजय तिवारी, *बहोरीबंद* में तहसीलदार आशीष अग्रवाल, सहायक आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी और मंडी उपनिरीक्षक प्रशांत मौर्य जांच दल में शामिल हैं।
*ढीमरखेड़ा* में तहसीलदार विपिन पटेल, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वंदना जैन और मंडी उपनिरीक्षक प्रशांत मौर्य, वहीं *विजयराघवगढ़* में तहसीलदार मनीष कुमार शुक्ला, सहायक आपूर्ति अधिकारी जितेन्द्र बर्मन और मंडी उपनिरीक्षक पंज कौशले जांच करेंगे।
*मंडी पोर्टल से होगा स्टॉक का मिलान*
जांच दल अपने-अपने क्षेत्र में कृषि उपज मंडी समितियों के अंतर्गत आने वाली लाइसेंसी फर्मों, ट्रेडर्स, व्यापारियों और राइस मिलर्स के प्रतिष्ठानों, गोदामों तथा राइस मिलों में भंडारित धान की जांच करेंगे। मौके पर उपलब्ध धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने के साथ मंडी के ई-अनुज्ञा पोर्टल पर दर्ज जानकारी से उसका मिलान किया जाएगा।
स्टॉक में अंतर या किसी तरह की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच दल अपने नोडल अधिकारी के माध्यम से कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।





