ढीमरखेड़ा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार गुरुवार, 19 नवंबर को ढीमरखेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक अध्यक्ष आनंद मिश्रा के निज निवास पर आयोजित की गई। बैठक में बड़वारा विधानसभा के प्रभारी ओंकार सिंह की मुख्य उपस्थिति रही।
बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन, वोटर रक्षक की नियुक्ति और आगामी 26 नवंबर को भोपाल में आयोजित राहुल गांधी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
*धरवाड़ा पंचायत में सुधार नहीं होने का आरोप*
बैठक के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि धरवाड़ा पंचायत में कई बार दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने के बावजूद मतदाता सूची में सुधार नहीं किया जा रहा है। एक ही मतदाता के नाम अलग-अलग स्थानों पर दर्ज होने के साथ दिवंगत मतदाताओं के नाम भी सूची में बने हुए हैं।
पदाधिकारियों का कहना था कि इन विसंगतियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचाई गईं, लेकिन अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
*2500 और 2100 के आंकड़े पर सवाल*
बैठक में मतदाता संख्या में अंतर का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में जहां कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 2500 दिखाई देती है, वहीं विधानसभा चुनाव की सूची में यह संख्या घटकर करीब 2100 रह जाती है। इस अंतर को लेकर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची का निष्पक्ष सत्यापन कराने की मांग की गई।
*बूथ स्तर पर नियुक्त होंगे वोटर रक्षक*
बैठक में निर्णय लिया गया कि मतदाता सूची की जांच और सत्यापन के लिए बूथ स्तर पर वोटर रक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि प्रत्येक मतदाता का नाम सही तरीके से दर्ज हो और किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
इसके साथ ही 26 नवंबर को भोपाल में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम एवं कांग्रेस की महारैली में ढीमरखेड़ा क्षेत्र से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में विधानसभा प्रभारी ओंकार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद मिश्रा, रंजीत सिंह, राजेंद्र शुक्ला, शैलेन्द्र पौराणिक, मुकेश परोहा, अमित गर्ग, प्रकाश पटेल, भूरा पटेल, शेख खालिक, रवेंद्र परते, रमेश गर्ग, अतुल कुमार त्रिपाठी, जगदीश हल्दकर एवं बूथ स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





