ढीमरखेड़ा। क्षेत्र के ग्राम पिंडरई में इन दिनों भक्ति और आध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। गोस्वामी परिवार के धर्मराज पुरी गोस्वामी द्वारा परमपिता परमेश्वर एवं पूर्वजों के आशीर्वाद से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है।
18 नवंबर को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
चौथे दिन भी उमड़ी भीड़।
कथा के चौथे दिन भी श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। कथा व्यास हेमंत गिरी गोस्वामी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया जा रहा है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति, सदाचार, संस्कार और मानव जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व का संदेश दिया जा रहा है। भजनों और संगीतमय प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आ रहे हैं।
24 नवंबर तक चलेगी कथा।
आयोजन 18 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कथा का समय निर्धारित किया गया है। आयोजक धर्मराज पुरी गोस्वामी ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।





