नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र के खेताखेड़ा डोरिया गांव में गुरुवार देर शाम जहरीला पदार्थ पीने से महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान जशोदा (39) पति स्व. दीपक, निवासी खेताखेड़ा डोरिया के रूप में हुई है। मामले में पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट कर जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार, जशोदा ने गुरुवार देर शाम किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
शुक्रवार सुबह जीरन पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में परिजन और ग्रामीण जमा हो गए। पीहर पक्ष का आरोप है कि जशोदा ने खुद जहरीला पदार्थ नहीं पिया, बल्कि ससुराल पक्ष ने उनके साथ मारपीट कर जबरन जहर खिलाया।
पुलिस के अनुसार, मामले में मर्ग कायम किया गया है। पीहर पक्ष के आरोपों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




